रविवार को चंदननगर में होगा “संडेज ऑन बाइसिकल” कार्यक्रम आयोजित
हुगली, 06 जून (हि. स.)। विश्व साइकिल दिवस के मौके पर पश्चिम बंगाल सरकार की पहल पर आगामी सात जून (रविवार) को चंदननगर के ऐतिहासिक स्ट्रैंड रोड पर जिला स्तरीय “संडेज ऑन बाइसाइकिल” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह आठ बजे से शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
इस विशेष आयोजन का उद्देश्य लोगों को साइकिल के उपयोग के प्रति जागरूक करना, पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से प्रदूषण मुक्त परिवहन और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, चंदननगर के विधायक दीपांजन गुहा सहित कई गणमान्य व्यक्ति इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रशासन और आयोजकों ने आम नागरिकों, युवाओं और खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर साइकिल चलाने की संस्कृति को बढ़ावा देने की अपील की है।
राज्यभर में आयोजित किए जा रहे इस अभियान को लेकर स्थानीय स्तर पर खासा उत्साह देखा जा रहा है। चंदननगर में भी कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

