तेंदुए के हमले में चाय श्रमिक घायल
| Mar 27, 2026, 13:40 IST
सिलीगुड़ी, 27 मार्च (हि.स.)। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा के गयागंगा चाय बागान में शुक्रवार सुबह पत्ता तोड़ते समय तेंदुए के हमले में एक चाय श्रमिक घायल हो गया। घायल श्रमिक का नाम रंजीत नागेशिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगभग 20 श्रमिक काम कर रहे थे, तभी नाले में छिपे तेंदुए ने अचानक रंजीत पर हमला कर दिया। उनके हाथ, सीने और पीठ पर गहरे जख्म पाये गये हैं। सहकर्मियों के शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। घायल रंजीत को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। श्रमिकों ने इलाके में पिंजरा लगाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

