मंत्री मालती रावा रॉय के घर के सामने महिलाओं का प्रदर्शन
कूचबिहार, 20 अगस्त (हि. स.)। अन्नपूर्णा योजना की राशि अब तक नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने गुरुवार को महिला एवं बाल कल्याण विभाग की राज्य मंत्री मालती रावा रॉय के घर के सामने प्रदर्शन किया। कूचबिहार शहर के हरेंद्र नारायण रोड स्थित मंत्री के आवास के बाहर करीब 100 महिलाएं एकत्रित होकर विरोध जताने लगी।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अन्नपूर्णा योजना के लिए आवेदन किया था। इसके बाद कई बार उनका सर्वे भी किया गया, लेकिन अब तक उन्हें योजना की राशि नहीं मिली है।
महिलाओं का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे कई जगहों पर शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला है। आखिरकार उन्होंने मंत्री के घर के सामने प्रदर्शन करने का फैसला किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली थाने की बड़ी संख्या में पुलिस बल को मंत्री के आवास के बाहर तैनात किया गया है। प्रदर्शन को लेकर इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

