home page

अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने पर महिलाओं का प्रदर्शन, बीडीओ कार्यालय में जड़ा ताला

 | 
अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने पर महिलाओं का प्रदर्शन, बीडीओ कार्यालय में जड़ा ताला


जलपाईगुड़ी, 24 सितंबर (हि. स.)। अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को डुआर्स के माटियाली ब्लॉक में महिलाओं ने बीडीओ कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना को लेकर इलाके में हलचल है। विधाननगर ग्राम पंचायत क्षेत्र की कुछ महिलाएं अपनी शिकायत लेकर माटियाली बीडीओ कार्यालय पहुंची थी।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अन्नपूर्णा योजना के लिए आवेदन किया था, लेकिन लंबे समय बीतने के बावजूद उनके बैंक खातों में राशि नहीं पहुंची है। उनका कहना है कि उसी इलाके के कई अन्य लोगों को योजना का लाभ मिल चुका है, जबकि वे अब भी वंचित हैं। बार-बार बीडीओ कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने का भी उन्होंने आरोप लगाया। महिलाओं द्वारा कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाए जाने की सूचना पाकर मेटेली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्या उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाओं ने खुद ही कार्यालय का ताला खोल दिया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द ही अन्नपूर्णा योजना की बकाया राशि नहीं मिलने पर वे और बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार