अन्नपूर्णा भंडार की राशि मिलने से उत्साहित महिलाओं ने फूल-मिठाई देकर भाजपा विधायक का जताया आभार
हुगली, 21 अगस्त (हि.स.)। अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत तीन हजार रुपये की मासिक आर्थिक सहायता मिलने की खुशी में शुक्रवार को चुंचुड़ा स्थित नेताजी सुभाष सेवा केंद्र में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। राशि मिलने के बाद बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं विधायक सुबीर नाग को फूल और मिठाई देकर धन्यवाद देने पहुंचीं।
इस दौरान विधायक सुबीर नाग ने सेवा केंद्र में पहुंची महिलाओं से बातचीत की और उन्हें अन्नपूर्णा भंडार की आर्थिक सहायता मिलने पर बधाई दी। महिलाओं ने योजना के तहत मिलने वाली राशि के लिए विधायक और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक ने कहा कि जो लोग योजना के लिए पात्र हैं, लेकिन किसी कारणवश अभी तक उन्हें राशि नहीं मिली है, उनकी समस्याओं को भी गंभीरता से देखा जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी सहायता से वंचित न रहे, इसके लिए आवश्यक सहयोग किया जाएगा।
सुबीर नाग ने यह भी कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों को किसी कारण से इस महीने राशि नहीं मिल सकी है, उन्हें अगले महीने योजना का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
अन्नपूर्णा भंडार की राशि मिलने को लेकर लाभार्थियों में जबर्दस्त उल्लास और खुशी देखने को मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

