home page

महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना की शानदार शुरुआत, पहले दिन यात्री संख्या में 22 प्रतिशत वृद्धि

 | 
महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना की शानदार शुरुआत, पहले दिन यात्री संख्या में 22 प्रतिशत वृद्धि


कोलकाता, 02 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में महिलाओं के लिए राज्य संचालित बसों में मुफ्त यात्रा योजना के पहले ही दिन सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है। परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, एक जून को योजना लागू होने के बाद राज्य की सरकारी बसों में महिला यात्रियों की संख्या एक सप्ताह पहले की तुलना में लगभग 22 प्रतिशत बढ़ गई।

अधिकारी ने बताया कि योजना के प्रति महिलाओं का उत्साहजनक रुझान सामने आया है और आने वाले दिनों में इसके बारे में जागरूकता बढ़ने के साथ यात्री संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।

परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 25 मई को कोलकाता में राज्य संचालित बसों में लगभग दो लाख महिला यात्रियों ने यात्रा की थी, जबकि पूरे राज्य में यह संख्या करीब चार लाख थी। योजना लागू होने के पहले दिन एक जून को कोलकाता में महिला यात्रियों की संख्या बढ़कर दो लाख 44 हजार 121 हो गई, जबकि पूरे पश्चिम बंगाल में यह आंकड़ा लगभग 4.88 लाख तक पहुंच गया।

अधिकारी ने कहा कि पहले ही दिन 22 प्रतिशत की वृद्धि इस बात का संकेत है कि यह योजना महिलाओं की वास्तविक जरूरतों को पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि कोलकाता के बाद मुर्शिदाबाद, मालदा, पुरुलिया और बांकुड़ा जिलों में सबसे अधिक महिला लाभार्थियों ने इस योजना का लाभ उठाया।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग बसों की संख्या बढ़ाने की योजना तैयार कर रहा है। अधिकारी ने कहा कि प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। साथ ही राज्य संचालित बसों में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अधिक सीटें आरक्षित करने का प्रस्ताव भी सरकार के विचाराधीन है।

भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए प्रमुख वादों में से एक को पूरा करते हुए एक जून से महिलाओं के लिए सभी राज्य संचालित बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा शुरू की है।

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह सुविधा महिलाओं को राज्य संचालित बसों में छोटी और लंबी दूरी दोनों प्रकार की यात्राओं के लिए उपलब्ध रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर