पश्चिम मेदिनीपुर में अवैध शराब का विरोध करने पर तीन महिलाओं से मारपीट
पश्चिम मेदिनीपुर, 12 जुलाई (हि. स.)। जिले के दासपुर थाना क्षेत्र के आरिट गांव में अवैध देशी शराब के विरोध को लेकर तीन महिलाओं के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का वातावरण है। घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह तीनों महिलाएं गांव से होकर जा रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे मोहल्ले के कुछ महिला एवं पुरुषों ने उनका रास्ता रोक लिया। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद महिलाओं के साथ सार्वजनिक मार्ग पर मारपीट की गई।
पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि वे पिछले कई महीनों से क्षेत्र में चल रहे अवैध देशी शराब के कारोबार के विरुद्ध आवाज उठा रही थीं। इस संबंध में उन्होंने गांव के अन्य जागरूक लोगों के साथ प्रशासन के समक्ष कई बार शिकायत भी दर्ज कराई थी। उनका दावा है कि इसी कारण उन्हें निशाना बनाया गया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने दासपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है तथा मामले की जांच आरंभ कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

