home page

गड़िया में फ्लैट से महिला का शव बरामद, पति लापता; हत्या की आशंका

 | 
गड़िया में फ्लैट से महिला का शव बरामद, पति लापता; हत्या की आशंका


दक्षिण 24 परगना, 26 अप्रैल (हि. स.)। जिले के गड़िया इलाके में रविवार सुबह एक महिला का शव उसके फ्लैट से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृत महिला की पहचान एनाक्षी दास (25) के रूप में हुई है। घटना के बाद से उसका पति सौमिक दास लापता है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गड़िया स्टेशन के पास एक फ्लैट में एनाक्षी दास अपने पति सौमिक दास और आठ वर्षीय बेटे के साथ रहती थीं। सौमिक एक निजी कॉलेज में प्राध्यापक बताया जा रहा है। रविवार सुबह जब घर की परिचारिका काम पर पहुंची, तो कई बार घंटी बजाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। उसने एनाक्षी को फोन भी किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर परिचारिका ने पड़ोसियों से संपर्क किया, लेकिन किसी के पास फ्लैट की चाबी नहीं थी। इसके बाद उसने दरवाजे को धक्का दिया, जो खुल गया। अंदर जाने पर उसने देखा कि एक कमरे में आठ साल का बच्चा सो रहा था, जबकि दूसरे कमरे में एनाक्षी दास बिस्तर पर अचेत पड़ी थीं। यह देखकर वह घबरा गई और शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसी मौके पर पहुंचे।

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतका के मायकेवालों को भी सूचना दे दी है।

नरेंद्रपुर थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सौमिक दास की तलाश कर रही है।प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पत्नी की हत्या के बाद वह फरार हो गया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय