home page

महिला यात्री से दुर्व्यवहार की शिकायत पर परिवहन मंत्री का तत्काल कदम

 | 
महिला यात्री से दुर्व्यवहार की शिकायत पर परिवहन मंत्री का तत्काल कदम


कोलकाता, 14 अगस्त (हि. स.)। 11 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे कोलकाता से रायगंज जा रही एनबीएसटीसी बस में अकेले यात्रा कर रही एक महिला यात्री के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत संबंधी ई-मेल प्राप्त होने के बाद राज्य के माननीय परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने मामले को तत्काल गंभीरता से लिया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी पत्नी अकेले यात्रा कर रही थीं और उनका आसन संख्या चार था। यात्रा के दौरान बस के चालक और परिचालक पर उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया। शिकायत प्राप्त होते ही माननीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर घटना के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

माननीय मंत्री के निर्देश के बाद मामले की शीघ्र जांच की गई और प्रारंभिक रिपोर्ट प्राप्त हुई है। मामले में आवश्यक निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। परिचालक की भूमिका और दायित्व की भी संबंधित अधिकारी जांच कर रहे हैं।

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, महिला यात्री आसन संख्या चार पर बैठी थीं। उनके बगल का आसन संख्या तीन मूल रूप से एक अन्य महिला यात्री के नाम पर आरक्षित था, लेकिन वह बस में सवार नहीं हुईं। आसन खाली रहने के कारण एक पुरुष यात्री वहां बैठ गया। महिला यात्री ने इस पर आपत्ति जताई, क्योंकि उन्हें अपने बगल में पुरुष यात्री के बैठने पर आपत्ति थी।

रिपोर्ट के अनुसार, उक्त पुरुष यात्री अगले पड़ाव पर स्वयं बस से उतर गया। इसके बाद यात्रा के दौरान किसी अन्य अप्रिय घटना अथवा विवाद की सूचना रिपोर्ट में दर्ज नहीं है।

हालांकि, परिवहन विभाग मामले को अत्यंत गंभीरता से देख रहा है। विशेष रूप से अकेले यात्रा करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा, गरिमा और संरक्षण सुनिश्चित करना तथा बसकर्मियों द्वारा उचित व्यवहार बनाए रखना आवश्यक है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

परिवहन मंत्री ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा, गरिमा अथवा उत्पीड़न से संबंधित किसी भी शिकायत की उचित गंभीरता और शीघ्रता से जांच की जाएगी। किसी प्रकार का दुर्व्यवहार, कर्तव्य में लापरवाही अथवा जिम्मेदारी की अनदेखी प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्ति की जवाबदेही तय करते हुए लागू नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता