home page

महिषादल अस्पताल में महिला उत्पीड़न का आरोप, पुलिस जांच शुरू

 | 
महिषादल अस्पताल में महिला उत्पीड़न का आरोप, पुलिस जांच शुरू


मेदिनीपुर, 25 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के महिषादल क्षेत्र स्थित बसुलिया ग्रामीण अस्पताल में एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद इलाके में रोष फैल गया है। अस्पताल में कार्यरत एक कैजुअल स्टाफ के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 जून को शारीरिक अस्वस्थता के कारण पीड़िता महिला के एक रिश्तेदार को बसुलिया ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रिश्तेदार की देखभाल के लिए महिला भी अस्पताल में मौजूद थीं। आरोप है कि उसी दिन शाम के समय जब महिला अस्पताल के बाहर पानी लेने गईं, तब वहां कार्यरत एक कैजुअल स्टाफ ने उन्हें अस्पताल के भीतर से पानी लेने की सलाह दी।

महिला का आरोप है कि अस्पताल के अंदर जाने पर आरोपित ने पीछे से पकड़ लिया, उनके साथ छेड़छाड़ की और आपत्तिजनक प्रस्ताव दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने या किसी को घटना की जानकारी देने पर अस्पताल में भर्ती उनकी सास को गलत दवा देकर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

बताया गया है कि डर और मानसिक दबाव के कारण महिला ने शुरुआत में किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। हालांकि, आरोप है कि बुधवार आरोपित ने दोबारा आपत्तिजनक प्रस्ताव दिया। इसके बाद पीड़िता ने देर शाम महिषादल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

घटना सामने आने के बाद इलाके में व्यापक चिंता और आक्रोश का माहौल है। हाल ही में क्षेत्र में बाल उत्पीड़न की एक अन्य घटना को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी। ऐसे में सरकारी अस्पताल के भीतर महिला से छेड़छाड़ के इस आरोप ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के आचरण को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता