पंचायत प्रधान के चुनाव को लेकर भाजपा में घमासान, एक घायल
कूचबिहार, 03 सितंबर (हि. स.)। पंचायत बोर्ड गठन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अंदर गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। गुरुवार को नाजिरहाट दो नंबर ग्राम पंचायत में प्रधान के चुनाव को लेकर पार्टी के दो गुटों के बीच कथित तौर पर झड़प हो गई। इस दौरान तीर लगने से भाजपा की महिला सदस्य घायल हो गई। घायल महिला का नाम शांति तालुकदार बताया गया है। उन्हें इलाज के लिए दिनहाटा अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पार्टी के फैसले के मुताबिक जुथिका बर्मन को प्रधान बनाए जाने की बात थी। निर्धारित दिन वह अपने समर्थकों के साथ पंचायत कार्यालय पहुंची। इसी दौरान भाजपा नेता तरनीकांत बर्मन के समर्थकों के साथ उनका विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद के बीच अचानक हमला किया गया, जिसमें तीर लगने से शांति तालुकदार घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।
वहीं, पंचायत प्रधान के चुनाव को लेकर भाजपा के भीतर चल रही गुटबाजी अब खुलकर सामने आने के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

