home page

नवद्वीप में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी

 | 
नवद्वीप में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी


नदिया, 18 अप्रैल (हि.स.)। नदिया जिले के नवद्वीप में शनिवार सुबह एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना नवद्वीप विष्णुप्रिया हॉल्ट स्टेशन के पास की है, जहां अप प्लेटफॉर्म के अंतिम छोर के नजदीक झाड़ियों से महिला का शव बरामद किया गया।

स्थानीय लोगों ने सबसे पहले झाड़ियों में शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही नवद्वीप थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही रेल पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को बरामद कर नवद्वीप स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

मृत महिला की उम्र लगभग 40 से 42 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि महिला इलाके की नहीं है और कोई भी उसे पहचान नहीं पा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

इस घटना के बाद इलाके की कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां चल रही हैं, जिसके चलते इस तरह की घटना सामने आई है। लोगों ने खुलकर आक्रोश व्यक्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

इधर, घटना की जानकारी मिलने पर नवद्वीप की भाजपा प्रत्याशी श्रुति शेखर गोस्वामी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “यह नवद्वीप की शांति की तस्वीर है। यहां भले दिन-रात बमबाजी नहीं होती, लेकिन एक दबा हुआ आतंक जरूर है। जनता इसका जवाब देगी।” साथ ही उन्होंने इस घटना की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय