सड़क हादसे में महिला की मौत
पश्चिम मेदिनीपुर, 13 मार्च (हि. स.)। जिले में मायके जा रही एक महिला की गुरुवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना दासपुर थाना की है। मृत महिला की पहचान डोली दोलुई (43) के रूप में हुई है, जो दासपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ की निवासी थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह अपने बेटे जगन्नाथ के साथ बाइक पर सवार होकर केशपुर थाना क्षेत्र के झलका स्थित अपने मायके जा रही थीं। इसी दौरान गुरुवार रात करीब 11 बजे घाटाल–मेदिनीपुर सड़क पर रामगढ़ प्राथमिक विद्यालय के पास बेरापाड़ा के सामने बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। इससे महिला सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पाकर परिजन और स्थानीय लोग उन्हें घाटाल महकमा अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना से मृतका के परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

