डॉक्टर पति से मिलने की मांग को लेकर आरामबाग मेडिकल कॉलेज परिसर में महिला का धरना
हुगली, 04 अगस्त (हि. स.)। आरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में मंगलवार को एक विवाहिता के धरने को लेकर अचानक हलचल मच गई। महिला का आरोप है कि अस्पताल के एक चिकित्सक, जो उनके पति हैं और वह उनकी दूसरी पत्नी हैं, लंबे समय से उनसे मुलाकात नहीं कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर महिला ने अस्पताल परिसर में पोस्टर लगाकर धरना शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी पाकर अस्पताल परिसर में मरीजों के परिजनों और आम लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला डॉक्टर पति से मुलाकात की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में बैठी रहीं।स्थिति को देखते हुए अस्पताल के सुरक्षा कर्मी और आरामबाग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने महिला को अस्पताल परिसर में धरना नहीं देने का निर्देश दिया। इसके बाद महिला ने अपना धरना समाप्त कर दिया और अस्पताल परिसर से चली गईं।
इस घटना के बाद आरामबाग मेडिकल कॉलेज परिसर और आसपास के इलाके में काफी चर्चा और चहल-पहल देखी गई। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

