स्कूल बरामदे में मिला महिला का शव, प्रेमी पर छोड़कर भागने का आरोप
अलीपुरद्वार, 17 मार्च (हि.स.)। अलीपुरद्वार-1 ब्लॉक के पारपतलाखावा प्राथमिक विद्यालय के बरामदे में मंगलवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृत महिला की पहचान फूलो मुंडा (35) के रूप में हुई है।
आरोप है कि बीमार हालत में प्रेमी अर्जुन मुंडा उसे अस्पताल ले जाने के बजाय स्कूल के बरामदे में छोड़कर फरार हो गया, जिससे इलाज के अभाव में उसकी मौत हो गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, फूलो मुंडा पिछले एक साल से अर्जुन के साथ संबंध में थी और दोनों बिहार में मजदूरी करते थे। वहां बीमार पड़ने के बाद अर्जुन उसे फालाकाटा वापस लाया। सोमवार रात उसे उसकी बहन मालती मुंडा के घर ले जाया गया, जहां बहन ने अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
लेकिन आरोप है कि अर्जुन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय रात में ही स्कूल के बरामदे में छोड़कर चला गया। उसी रात तेज आंधी-बारिश के बीच बिना इलाज के उसकी मौत हो गई।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सोनापुर चौकी पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अलीपुरद्वार जिला अस्पताल भेज दिया है।
मृतका की दीदी ने अर्जुन पर लापरवाही और मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है और कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

