home page

हाथी के हमले में 28 वर्षीय युवक की मौत

 | 
हाथी के हमले में 28 वर्षीय युवक की मौत


पश्चिम मेदिनीपुर, 28 फ़रवरी (हि. स.)। शनिवार सुबह गड़बेता थाना क्षेत्र के शाखाबाई जंगल से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक दलछुटे हाथी के हमले में युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम सौरभ पालोई (28) है। वह गड़बेता थाना क्षेत्र के भोमराडांगा गांव का निवासी था। शव को गड़बेता थाना के अधीन चंद्रकोणा रोड चौकी की पुलिस ने बरामद किया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शनिवार सुबह सौरभ किसी काम से घर के पास स्थित शाखाबाई जंगल गया था। उसी दौरान एक दलछुटे हाथी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने जंगल में उसका शव पड़ा देखा और पुलिस व ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही चंद्रकोणा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर द्वारिगेड़िया ग्रामीण अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही चंद्रकोणा रोड रेंज के वनकर्मी भी मौके पर पहुंचे।

वन विभाग ने प्राथमिक तौर पर इसे दलछुटे हाथी का हमला माना है।

चंद्रकोणा रेंज के रेंज ऑफिसर विद्युत सिंह ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। दलछुटे हाथी के हमले में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। 24 घंटे के भीतर परिवार को मुआवजे का चेक सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता