दस साल सजा काट चुके पति-पत्नी मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में फिर गिरफ्तार
पश्चिम बर्दवान, 17 जुलाई (हि.स.)।
पश्चिम बर्दवान जिले के कुल्टी में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस अधिनियम के तहत वर्ष 2020 के एक मामले में दस वर्ष के सश्रम कारावास की सजा काट चुके एक दंपति को पुलिस ने एक बार फिर हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 24 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पप्पू अंसारी और उनकी पत्नी सुबेतारा खातून के रूप में हुई है। दोनों कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर फांड़ी अंतर्गत बामुनडीहा मदरसा पाड़ा के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, नियामतपुर फांड़ी के एसआई मिलन भुईं के नेतृत्व में गुरुवार रात विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान रानीसायर मोड़ के निकट आईएससीओ बाइपास रोड से दंपति को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 24 ग्राम हेरोइन तथा मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कुछ अन्य सामान बरामद किए गए।
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2020 में भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ था। उस मामले में आसनसोल की विशेष एनडीपीएस अदालत ने उन्हें दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। बाद में उन्हें उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई थी।
अब एक बार फिर इसी दंपति की गिरफ्तारी ने पुलिस और प्रशासन के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस को आशंका है कि बरामद हेरोइन किसी बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। इसी दिशा में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को आसनसोल अदालत में पेश किया गया, जहां कुल्टी थाना पुलिस ने आगे की जांच के लिए 10 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

