home page

मांस और चिक उत्पादन में राज्य में अव्वल पश्चिम मेदिनीपुर जिला

 | 
मांस और चिक उत्पादन में राज्य में अव्वल पश्चिम मेदिनीपुर जिला


मेदिनीपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले ने पशुपालन और पशुधन विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। मांस उत्पादन के साथ-साथ बत्तख और मुर्गी के चूजों के उत्पादन में यह जिला पूरे राज्य में पहले स्थान पर रहा है। वहीं, दूध उत्पादन और कृत्रिम गर्भाधान के मामले में जिले को राज्य में तीसरा स्थान मिला है।

इस उपलब्धि के लिए जिले को इस वर्ष राष्ट्रीय पशुधन सप्ताह के आयोजन के दौरान सम्मानित किया गया। इससे पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ पशुपालकों में भी खुशी है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पश्चिम मेदिनीपुर जिले में इस वर्ष कुल एक लाख 80 हजार मीट्रिक टन मांस का उत्पादन हुआ है। पिछले वर्ष यह आंकड़ा एक लाख 60 हजार मीट्रिक टन था। इस प्रकार एक वर्ष में 20 हजार मीट्रिक टन उत्पादन की वृद्धि दर्ज की गई है। जिले के गड़बेत्ता-दो प्रखंड ने भी मांस उत्पादन में पहला स्थान हासिल किया है। वित्त वर्ष 2025-26 में इस प्रखंड में 14 हजार मीट्रिक टन मांस का उत्पादन हुआ।

इसी तरह, मेदिनीपुर शहर स्थित राज्य पोल्ट्री फार्म ने बत्तख और मुर्गी के बच्चों के उत्पादन में राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। पिछले वर्ष यहां चार लाख 29 हजार 546 मुर्गी के बच्चों का उत्पादन हुआ था, जो इस वर्ष बढ़कर चार लाख 59 हजार 546 हो गया। वहीं, बत्तख के बच्चों का उत्पादन भी पिछले वर्ष के दो लाख 26 हजार से बढ़कर इस वर्ष दो लाख 50 हजार 600 हो गया है।

दूध उत्पादन के मामले में भी जिले ने अच्छी प्रगति की है। इस वर्ष पश्चिम मेदिनीपुर में कुल 68 करोड़ 64 लाख 25 हजार 687 किलोग्राम दूध का उत्पादन हुआ। पिछले वर्ष यह आंकड़ा लगभग साढ़े 65 करोड़ किलोग्राम था। जिले के डेबरा प्रखंड ने दूध उत्पादन में पहला स्थान हासिल किया है। यहां सालाना चार करोड़ 25 लाख किलोग्राम दूध का उत्पादन हुआ। इसके अलावा जिले में तीन लाख 78 हजार 56 कृत्रिम गर्भाधान भी कराए गए।

अधिकारियों के अनुसार, इस सफलता के पीछे पशुओं के नियमित टीकाकरण, मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से उपचार, पशु आहार वितरण और वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन को लेकर जागरूकता अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। टीकाकरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पशुपालकों के मोबाइल फोन पर ओटीपी की व्यवस्था भी की गई थी। वहीं, मोबाइल चिकित्सा सेवाओं के दौरान स्थान की जानकारी के साथ तस्वीरें लेकर अधिकारियों को भेजना अनिवार्य किया गया था।

इस वर्ष से पशुधन बीमा योजना भी शुरू की गई है। इसके तहत बीमा के लिए 900 रुपये खर्च होते हैं, जिसमें पशुपालक को केवल 144 रुपये देने पड़ते हैं। शेष राशि सरकार वहन करती है। पशु की दुर्घटना में मृत्यु होने पर पशुपालक को 30 हजार रुपये का मुआवजा मिलता है।

पश्चिम मेदिनीपुर जिला पशुधन विकास विभाग के उपनिदेशक चिन्मय चक्रवर्ती ने बताया कि नियमित टीकाकरण और समय पर उपचार के कारण पशुओं की मृत्यु दर में कमी आई है। इससे उत्पादन में वृद्धि हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पशुधन बीमा योजना शुरू होने से पशुपालकों का भरोसा बढ़ेगा और आने वाले दिनों में जिले का प्रदर्शन और बेहतर होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता