चुनाव 26 : दूसरे चरण के मतदान में कहीं जगहों पर तनाव की स्थिति
कोलकाता, 29 अप्रैल (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के तहत बुधवार को सात जिलों की 142 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह सात बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम छह बजे तक चलेगी। शुरुआती दो घंटों में कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराबी और देरी की शिकायतें सामने आई हैं।
राज्य के बारासात, हाबरा, कल्याणी और शांतिपुर समेत कई इलाकों में तकनीकी खराबी के कारण मतदान देर से शुरू हुआ, जिससे मतदाताओं को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा।
इसी बीच कुछ स्थानों पर तनाव और झड़प की खबरें भी सामने आई हैं। चापड़ा में एक बूथ पर भाजपा एजेंट के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया है, वहीं भांगड़ क्षेत्र में रात के समय राजनीतिक दलों के बीच टकराव की घटना के बाद सुबह स्थिति शांत बताई जा रही है।
तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने मतदान के बाद आरोप लगाया कि मतदाताओं को डराने का प्रयास किया जा रहा है और चुनाव आयोग अपनी सीमाओं से बाहर जाकर काम कर रहा है। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विभिन्न बूथों का दौरा कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया।
चुनाव आयोग ने पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। साथ ही किसी भी शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर भी जारी किया गया है।
कुल मिलाकर कई जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है, जबकि कुछ केंद्रों पर तकनीकी और स्थानीय स्तर की समस्याएं देखी जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

