बंगाल में बढ़ने लगी सर्दी, सुबह-शाम ठंड का एहसास
कोलकाता, 27 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में नवंबर के अंतिम सप्ताह के साथ ही सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। शुक्रवार को राज्य के उत्तर से दक्षिण तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। आसमान साफ रहने के साथ दिन में धूप खिलने की संभावना है, जबकि सुबह और रात के समय ठंड का एहसास अधिक होगा। राज्य के किसी भी जिले के लिए फिलहाल बारिश अथवा खराब मौसम को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में शुष्क मौसम बना रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान में भी राज्य के लिए अगले पांच दिनों तक कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विभाग के कोलकाता-अलीपुर केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल के हावड़ा, हुगली, नदिया, मुर्शिदाबाद, पूर्व बर्दवान, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, बांकुड़ा, पुरुलिया, झाड़ग्राम तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमांचल के जिलों में सुबह और रात के समय अपेक्षाकृत अधिक ठंड महसूस की जा सकती है। वहीं, तटीय जिलों में भी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, मालदा तथा उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में भी मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का प्रभाव अधिक महसूस होगा, जबकि मैदानी इलाकों में सुबह के समय कहीं-कहीं हल्की धुंध देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 नवंबर को भी कोलकाता में मुख्य रूप से साफ आसमान रहेगा। आगामी दिनों में सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा अथवा धुंध छाने की संभावना है। फिलहाल राज्य में बारिश को लेकर किसी प्रकार की चेतावनी नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

