home page

पश्चिम बंगाल में मौसम रहेगा शुष्क, तापमान में और गिरावट के आसार

 | 
पश्चिम बंगाल में मौसम रहेगा शुष्क, तापमान में और गिरावट के आसार


कोलकाता, 26 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। गुरुवार को राज्य के उत्तर से दक्षिण तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के किसी भी जिले में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर दिशा से आने वाली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले 48 घंटों के दौरान रात के तापमान में और कमी आने की संभावना है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा।

कोलकाता और आसपास के इलाकों में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने के साथ सुबह हल्की धुंध छाई रह सकती है। यहां अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

दक्षिण बंगाल के जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। पुरुलिया, बांकुड़ा और बीरभूम सहित पश्चिमी जिलों में रात और सुबह के समय ठंड का असर अधिक महसूस हो सकता है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

वहीं, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। उत्तर बंगाल के अन्य जिलों में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यहां न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, फिलहाल बंगाल की खाड़ी में ऐसा कोई सक्रिय मौसमी तंत्र नहीं है, जिससे राज्य में बारिश की संभावना बने। अगले कुछ दिनों तक राज्य में शुष्क मौसम बने रहने और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता