home page

पश्चिम बंगाल में आज बारिश से मिलेगी राहत, अधिकांश जिलों में रहेगा शुष्क मौसम

 | 
पश्चिम बंगाल में आज बारिश से मिलेगी राहत, अधिकांश जिलों में रहेगा शुष्क मौसम


कोलकाता, 12 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में गुरुवार को अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना बनी हुई है। मौसम में बदलाव के बीच सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।

अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के पूर्वानुमान के अनुसार, कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। उत्तर बंगाल में भी मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

कोलकाता में आज अधिकतम तापमान लगभग 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह के समय हल्की धुंध रहने के बाद दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। दोपहर में आंशिक बादल दिखाई दे सकते हैं। अलीपुर मौसम केंद्र में सुबह 5:30 बजे तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस और सापेक्ष आर्द्रता 96 प्रतिशत दर्ज की गई।

अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, नदिया, कोलकाता, हावड़ा, हुगली तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। अन्य दक्षिण बंगाल के जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि इन क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।

बांकुड़ा, पुरुलिया, झाड़ग्राम, पूर्व एवं पश्चिम बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में दिन के अधिकांश समय मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। हालांकि गुरुवार सुबह 8:30 बजे के बाद अगले 24 घंटों के दौरान सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

इस बीच दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर 13 नवंबर के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके 14 नवंबर के आसपास और अधिक प्रभावी होकर 15 नवंबर तक अवदाब में बदलने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता