home page

पश्चिम बंगाल में गर्मी का असर जारी, कई जिलों में बारिश की संभावना

 | 
पश्चिम बंगाल में गर्मी का असर जारी, कई जिलों में बारिश की संभावना


कोलकाता, 02 नवंबर (हि. स.)। नवंबर का महीना शुरू होने के बावजूद पश्चिम बंगाल में अभी ठंड का असर दिखाई नहीं दे रहा है। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। अलीपुर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को उत्तर बंगाल से दक्षिण बंगाल तक कई जिलों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, पूर्व एवं पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

कोलकाता में सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हवा में नमी अधिक रहने के कारण दिन के समय उमस महसूस हो सकती है।

अलीपुर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, फिलहाल राज्य में ठंड बढ़ने के अनुकूल स्थिति नहीं बनी है। नवंबर के पहले सप्ताह में भी लोगों को ठंड के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता