पश्चिम बंगाल में आज साफ रहेगा मौसम, दिन में बढ़ेगी धूप की तपिश
कोलकाता, 12 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सोमवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। अलीपुर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहने और दिन में धूप खिलने की संभावना है। बारिश की संभावना कम होने के कारण लोगों को फिलहाल वर्षा से राहत मिलने की उम्मीद है।
कोलकाता और आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में तेज धूप के साथ उमस महसूस हो सकती है, जबकि शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल के हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा तथा पुरुलिया में भी मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भी बारिश की कोई बड़ी चेतावनी नहीं है। पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 48 घंटों में राज्य के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन के तापमान में विशेष गिरावट के आसार नहीं हैं और धूप की तपिश बनी रह सकती है। हालांकि, स्थानीय मौसम की स्थिति में बदलाव संभव है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

