पश्चिम बंगाल में आज बारिश के आसार, कई जिलों में बादल और उमस का असर
कोलकाता, 09 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को मौसम का मिला-जुला मिजाज रहने की संभावना है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वातावरण में आर्द्रता 74 से 86 प्रतिशत के बीच रह सकती है, जिससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है।
दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, पूर्व एवं पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, नदिया और मुर्शिदाबाद जिलों में स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव हो सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शाम के समय बारिश हो सकती हैं।
कोलकाता और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना है। हवा उत्तर या उत्तर-पश्चिम दिशा से लगभग पांच से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती है। बारिश और उमस के कारण लोगों को गर्मी का एहसास भी हो सकता है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार मौसम में बदलाव हो सकता है।
मौसम के इस बदलाव को देखते हुए लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार, 10 से 12 अक्टूबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम साफ होने और धूप निकलने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

