उमस भरी गर्मी के बीच बंगाल में हल्की बारिश के आसार
कोलकाता, 01 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में गुरुवार को उमस भरी गर्मी के बीच मौसम का मिला-जुला मिजाज देखने को मिल सकता है। राज्य के कई जिलों में दिनभर उमस और पसीने वाली गर्मी बनी रहने की संभावना है। वहीं, स्थानीय स्तर पर बादल बनने के कारण कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के कारण वातावरण में नमी अधिक बनी हुई है। इसके चलते तापमान सामान्य के आसपास रहने के बावजूद लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस हो सकती है।
दोपहर के बाद स्थानीय स्तर पर बादल बनने से दक्षिण बंगाल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कोलकाता और आसपास के इलाकों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भी स्थानीय स्तर पर गरज के साथ बौछार पड़ सकती है।
पश्चिम बंगाल में गुरुवार को उमस भरी गर्मी के बीच मौसम का मिला-जुला मिजाज रहेगा। अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री के आसपास रह सकता है। नमी अधिक होने के कारण वास्तविक तापमान से ज्यादा गर्मी महसूस होगी। दोपहर के बाद स्थानीय स्तर पर बादल बनने से कुछ जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल भारी बारिश या तेज आंधी-तूफान की कोई बड़ी चेतावनी नहीं है।
उत्तर बंगाल के जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, व्यापक या लगातार भारी बारिश के संकेत फिलहाल नहीं हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

