पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश के आसार, उमस से बढ़ेगी परेशानी
कोलकाता, 29 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में मंगलवार को मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। फिलहाल किसी जिले के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
कोलकाता में सुबह मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने के बाद दोपहर के आसपास स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश की संभावना है। तापमान करीब 32-35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। वातावरण में नमी अधिक रहने से उमस महसूस हो सकती है।
दक्षिण बंगाल में पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, नदिया और मुर्शिदाबाद के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर तथा मालदा में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के हालिया पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल राज्य में भारी बारिश जैसी स्थिति नहीं है। पिछले दिनों गहरे निम्न दबाव के प्रभाव से हुई बारिश के बाद अब बारिश की तीव्रता में कमी आने के संकेत हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

