home page

पश्चिम बंगाल में आज हल्की बारिश के आसार, उत्तर बंगाल में अधिक प्रभाव

 | 
पश्चिम बंगाल में आज हल्की बारिश के आसार, उत्तर बंगाल में अधिक प्रभाव


कोलकाता, 27 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में रविवार को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पिछले दिनों की तुलना में दक्षिण बंगाल में भारी बारिश की स्थिति में कमी आने के बावजूद वातावरण में नमी अधिक रहने से उमस बनी रह सकती है।

दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, पुरुलिया सहित कई जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

उत्तर बंगाल में बारिश का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार के पहाड़ी तथा आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और मालदा में भी कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अधिक आर्द्रता के कारण दिन में उमस महसूस हो सकती है।

इस बीच समुद्र की स्थिति खराब रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। समुद्र में मौजूद मछुआरों को भी सुरक्षित लौटने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता