पश्चिम बंगाल में आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
कोलकाता, 17 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
पश्चिम बंगाल में आज गरज, बिजली चमकने और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। आईएमडी ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई है। कोलकाता में आज न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में आज कई जगहों पर बारिश की संभावना है, जबकि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, पूर्व और पश्चिम बर्धमान सहित अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है।
उत्तर बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में आज भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी ने 17 सितंबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
दक्षिण बंगाल में बारिश के साथ उमस भरा मौसम बने रहने की संभावना है। कोलकाता और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने तथा बीच-बीच में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

