दक्षिण बंगाल में मंगलवार से बढ़ेगी गर्मी और उमस, उत्तर बंगाल में बारिश जारी रहने के आसार
कोलकाता, 12 मई (हि.स.)। दक्षिण बंगाल में कहीं-कहीं छिटपुट आंधी और बारिश की संभावना बनी रहने के बावजूद मंगलवार से गर्मी और उमस बढ़ने के संकेत हैं। वहीं, उत्तर बंगाल में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। कुछ जिलों में भारी वर्षा की भी चेतावनी जारी की गई है।
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार शनिवार तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में आंधी-बारिश की संभावना कम रहेगी। हालांकि पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों में बुधवार और गुरुवार को कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका जताई गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी और उमस में इजाफा होगा।
वहीं उत्तर बंगाल में फिलहाल तापमान स्थिर रहने की संभावना है। बुधवार और गुरुवार को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों में सात से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आठ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार तक उत्तर बंगाल के आठों जिलों में आंधी-बारिश का असर बना रहेगा, जबकि शुक्रवार से मौसम में कुछ सुधार होने और बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

