पश्चिम बंगाल में 17 मई तक आंधी-बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट
कोलकाता, 10 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में अगले कुछ दिनों तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी बिहार से पश्चिम बंगाल के हिमालय से सटे क्षेत्रों तक फैला हुआ है। वहीं, दूसरा चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी राजस्थान से पूर्वी झारखंड तक सक्रिय है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी युक्त हवाएं राज्य में प्रवेश कर रही हैं। इन परिस्थितियों के कारण राज्य में आंधी और बारिश के लिए अनुकूल वातावरण बना हुआ है।
दक्षिण बंगाल के जिलों में 17 मई तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है। कोलकाता में भी दोपहर बाद या शाम के समय आंधी और बारिश हो सकती है। दिनभर मौसम में बादल और धूप का उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
कोलकाता में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है। शनिवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। मौसम विभाग ने कहा है कि लगातार बारिश के कारण अगले कुछ दिनों तक तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं होगी।
रविवार को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं हुगली, उत्तर 24 परगना, बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान और पश्चिम बर्धमान जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तरी बंगाल के जिलों में भी 17 मई तक बारिश और आंधी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति कम से कम 15 मई तक बनी रह सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

