पश्चिम बंगाल : कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी
कोलकाता, 27 मार्च (हि.स.)। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार से दक्षिण और उत्तर बंगाल के विभिन्न हिस्सों में कालबैशाखी के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है।
गुरुवार को ही राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम में बदलाव आया। खराब मौसम के कारण हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ और कोलकाता लौटते समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दक्षिण बंगाल के पांच जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश हो सकती है। कोलकाता सहित अन्य जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
शनिवार को भी पुरुलिया, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और पश्चिम बर्धमान के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। इन इलाकों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
उत्तर बंगाल में भी मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है, जबकि जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
वहीं, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर तथा मालदह जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि, उन्होंने लोगों को सतर्क रहने और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

