home page

कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में फिर बारिश और आंधी की चेतावनी, सप्ताहांत में बढ़ेगा असर

 | 
कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में फिर बारिश और आंधी की चेतावनी, सप्ताहांत में बढ़ेगा असर


कोलकाता, 23 मार्च (हि. स.)। कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में एक बार फिर आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सप्ताह के अंत तक शहर और आसपास के इलाकों में फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

अलीपुर मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार से रविवार तक कोलकाता में लगातार बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी। शुक्रवार को हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जो शनिवार और रविवार को बढ़कर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

हुगली, झाड़ग्राम, नदीया, पश्चिम बर्धमान, पूर्व बर्धमान, बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों में शुक्रवार को अधिक आंधी-बारिश होने की संभावना जताई गई है। झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और दोनों बर्धमान जिलों में मंगलवार को भी मौसम खराब रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से बड़ी मात्रा में नमी आने और वायुमंडलीय चक्रवात तथा अक्ष रेखा के प्रभाव के कारण यह स्थिति बनी हुई है।

हालांकि बारिश के साथ-साथ तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले पांच दिनों में उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। उत्तर बंगाल में भी कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है, जबकि शुक्रवार से वहां भी मौसम के और बिगड़ने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल समुद्र में स्थिति सामान्य है और मछुआरों के लिए कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय