आंधी-बारिश से कोलकाता में तापमान में पांच डिग्री की गिरावट, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
कोलकाता, 17 मार्च (हि. स.)। सोमवार रात 72 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी और बारिश के कारण कोलकाता में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
कोलकाता के अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार शाम को भी शहर और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार की आंधी और मध्यम बारिश के बाद मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री कम होकर 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह 23.6 डिग्री सेल्सियस था। इस गिरावट से मार्च के बीच में ही हल्की ठंड का अहसास होने लगा है।
विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं आ रही हैं, जिसके चलते राज्य में यह मौसम बना रहेगा। यह स्थिति शनिवार तक जारी रहने की संभावना है, इसके बाद मौसम साफ होने और बारिश कम होने के आसार हैं।
मंगलवार को कोलकाता समेत उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, नदिया, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
बुधवार को पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
19 से 21 मार्च के बीच दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। इस दौरान झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, पूर्व व पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी भी चल सकती है।
21 मार्च को दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
वहीं, उत्तर बंगाल में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 मार्च तक सभी जिलों के लिए हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है।
दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर व दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों के लिए मंगलवार से ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जो अगले पांच दिनों तक प्रभावी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

