home page

बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव, कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल में हल्की बारिश के आसार

 | 
बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव, कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल में हल्की बारिश के आसार


कोलकाता, 22 फ़रवरी (हि. स.)। बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो रहा है, जिसके असर से आने वाले कुछ दिनों में कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, बारिश अधिकतर इलाकों में छिटपुट रूप में ही होगी।

मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार से दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में बारिश की शुरुआत हो सकती है। दक्षिण 24 परगना, पश्चिम एवं पूर्व मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों के लिए गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर सावधानी जारी की गई है। वहीं, कोलकाता में मंगलवार को हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना और बांकुड़ा में भी बिखरी बारिश हो सकती है, हालांकि इन जिलों के लिए अलग से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

उत्तर बंगाल में भी मौसम बदलेगा। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कालिम्पोंग में सोमवार और मंगलवार को हल्की और बिखरी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, अगले सात दिनों में उत्तर बंगाल के तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

दक्षिण बंगाल के जिलों में अगले दो दिनों के दौरान रात के तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले छह दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा।

कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में ठंड का असर पहले ही कम हो चुका है। सुबह के समय महसूस हो रही हल्की ठंड भी धीरे-धीरे खत्म हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। वहीं, शनिवार को अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय