पश्चिम बंगाल में आज बादलों के बीच बारिश की संभावना, 13 नवंबर से बढ़ेगी ठंड
कोलकाता, 10 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में मंगलवार को मौसम का मिला-जुला मिजाज देखने को मिल सकता है। राज्य के कई जिलों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। अलीपुर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण बंगाल से लेकर उत्तर बंगाल के कुछ जिलों में स्थानीय स्तर पर बारिश हो सकती है। हालांकि, राज्य के किसी भी जिले के लिए फिलहाल गंभीर मौसम की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहने के कारण दिन के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है। उत्तर बंगाल के शेष जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
राजधानी कोलकाता में मंगलवार को सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मेदिनीपुर में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 19.5 डिग्री, मालदा में अधिकतम 31.2 और न्यूनतम 22.1 डिग्री तथा पुरुलिया में अधिकतम 30.3 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में भी आंशिक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
अलीपुर मौसम विभाग के आकलन के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद 13 नवंबर के आसपास आसमान से बादल छंटने के साथ रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे राज्य के विभिन्न हिस्सों में धीरे-धीरे ठंड का एहसास बढ़ने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

