पश्चिम बंगाल में आज कहीं धूप तो कहीं बारिश के आसार
कोलकाता, 30 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में बुधवार को मौसम मिला-जुला रहने का अनुमान है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। वहीं उत्तर बंगाल के जिलों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है।
कोलकाता में आज अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शहर में बादल छाए रहने के साथ कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। दीघा और आसपास के तटीय इलाकों में बादल छाए रहने के साथ बारिश हो सकती है।
बांकुड़ा, पुरुलिया, पूर्व एवं पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, नदिया और मुर्शिदाबाद में मौसम मुख्य रूप से बादलयुक्त रहेगा। कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में बारिश की संभावना बनी हुई है। पहाड़ी इलाकों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहेगा। मालदा, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में उमस के साथ बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। हालांकि अलग-अलग इलाकों में स्थानीय स्तर पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

