home page

पश्चिम बंगाल में आज बारिश के आसार, उत्तर बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी

 | 
पश्चिम बंगाल में आज बारिश के आसार, उत्तर बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी


कोलकाता, 04 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। राज्य के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में बारिश का दौर जारी रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण दृश्यता प्रभावित होने की भी संभावना है।

दक्षिण बंगाल में बारिश की गतिविधि में कुछ कमी आने के बावजूद कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना सहित आसपास के जिलों में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की संभावना भी जताई है। बारिश के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। राज्य में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अधिक नमी के कारण उमस बनी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल में बारिश का प्रभाव दक्षिण बंगाल की तुलना में अधिक रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में दक्षिण बंगाल में बारिश की गतिविधि में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता