पश्चिम बंगाल में आज आंधी-बारिश की संभावना
कोलकाता, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को पूरे पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। राज्य के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश, गरज के साथ बौछारें और आंधी-तूफान आने की प्रबल संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और गांगेय पश्चिम बंगाल के विस्तृत क्षेत्रों में व्यापक बारिश की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, राज्य में शुक्रवार को अधिकतम तापमान लगभग 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, हवा में नमी का स्तर यानी आर्द्रता 83 से 90 प्रतिशत तक रह सकता है। इसके कारण दिनभर उमस और चिपचिपी गर्मी का असर बने रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, शुक्रवार को दिन के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना लगभग 65 प्रतिशत तक जताई गई है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्व दिशा से करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
क्षेत्र में बने चक्रवाती तूफान के प्रभाव से अगले एक-दो दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि नवंबर महीने की शुरुआत के साथ ही पश्चिम बंगाल में मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। फिलहाल राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और बादलों का प्रभाव बने रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

