home page

बंगाल में आज मौसम रहेगा शुष्क, अगले 72 घंटों में तापमान गिरने की संभावना

 | 
बंगाल में आज मौसम रहेगा शुष्क, अगले 72 घंटों में तापमान गिरने की संभावना


कोलकाता, 25 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में सर्दी का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। बुधवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क और आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। इस बीच अगले 72 घंटों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे राज्य के विभिन्न जिलों में ठंड का अहसास बढ़ेगा।

अलीपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के अनुसार, बुधवार को गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के किसी भी जिले के लिए बारिश, आंधी या खराब मौसम की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के लिए भी राज्य में किसी तरह की विशेष मौसमी चेतावनी नहीं दी है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी बांग्लादेश और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर वायुमंडल में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। हालांकि इसके प्रभाव से फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले तीन दिनों में रात के तापमान में गिरावट आने के संकेत हैं।

राजधानी कोलकाता और आसपास के इलाकों में बुधवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। सुबह हल्की धुंध के बाद दिन में धूप निकलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

दक्षिण बंगाल के हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और पश्चिम बर्धमान सहित अन्य जिलों में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पुरुलिया, बांकुड़ा और आसनसोल जैसे पश्चिमी जिलों में सुबह और रात के समय ठंड का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक महसूस हो सकता है। वहीं, दीघा और मंदारमणि सहित तटीय क्षेत्रों में भी मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और मालदा सहित सभी जिलों में भी बारिश की कोई संभावना नहीं है। पहाड़ी इलाकों में ठंड का प्रभाव बना रहेगा। दार्जिलिंग में न्यूनतम तापमान लगभग 7.6 डिग्री सेल्सियस रहने की जानकारी दी गई है। तराई और डुआर्स के कुछ इलाकों में सुबह हल्की धुंध देखने को मिल सकती है।

कुल मिलाकर, बुधवार को पूरे पश्चिम बंगाल में मौसम अनुकूल और शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि रात के तापमान में संभावित गिरावट के कारण आने वाले दिनों में सर्दी का प्रभाव और बढ़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता