पश्चिम बंगाल में आज शुष्क रहेगा मौसम, बारिश की संभावना नहीं
कोलकाता, 14 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में शनिवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। राज्य के उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहने तथा दिन में धूप खिलने की संभावना है। सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। वहीं, सुबह और रात के तापमान में हल्की ठंडक महसूस होगी।
अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी), भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 14 नवंबर को दक्षिण बंगाल और उप-हिमालयी उत्तर बंगाल के किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। फिलहाल राज्य में बारिश, आंधी या तूफान की कोई चेतावनी नहीं है।
मौसम विभाग के जिलेवार पूर्वानुमान के अनुसार कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, पूर्व एवं पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसी तरह दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरद्वार, कालिम्पोंग, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में भी बारिश का अनुमान नहीं है।
कोलकाता के अलीपुर मौसम केंद्र में शनिवार सुबह 5:30 बजे तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता 95 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं, बांकुड़ा में 20.8 डिग्री और मालदा में 22.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान जताया है।
इस बीच बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके 14 नवंबर को और स्पष्ट होने तथा 15 नवंबर तक अवदाब में बदलने का अनुमान है। इसके बाद 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना जताई गई है। हालांकि, फिलहाल पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।
फिलहाल राज्य के लोगों को बारिश से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग की निगरानी बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही मौसमी परिस्थितियों पर बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

