पश्चिम बंगाल में आज मौसम रहेगा शुष्क, ठंड की हल्की सिहरन
कोलकाता, 7 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में शनिवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क और साफ रहने का अनुमान है। दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में तापमान में मामूली गिरावट के साथ सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है। अलीपुर मौसम विभाग (आरएमसी कोलकाता) के पूर्वानुमान के अनुसार, फिलहाल राज्य में किसी बड़े चक्रवाती तंत्र का सीधा प्रभाव नहीं है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध या कुहासा देखने को मिल सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी।
दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर समेत आसपास के जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के आंशिक प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों के दौरान सुबह और रात के तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है। इससे सर्दी का असर बढ़ने की संभावना है। सुबह के समय कुछ स्थानों पर दृश्यता भी प्रभावित हो सकती है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार समेत पहाड़ी तथा मैदानी जिलों में भी मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। सिलीगुड़ी और आसपास के मैदानी इलाकों में सुबह हल्का कुहासा छा सकता है। हालांकि, दिन में धूप निकलने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम स्थिर रहने का अनुमान है।
इस बीच, आगामी दिनों में बंगाल की खाड़ी में नए चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना जताई जा रही है। इसके प्रभाव से 10 और 11 नवंबर के आसपास दक्षिण बंगाल तथा तटीय क्षेत्रों में आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं। कुछ स्थानों पर हल्की गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश होने की भी संभावना है। हालांकि, सात और आठ नवंबर को राज्य में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का अनुमान है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

