चक्रवात ‘अर्णव’ के प्रभाव से बंगाल में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी
कोलकाता, 26 अक्टूबर (हि. स.)। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ‘अर्णव’ लगातार शक्तिशाली हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह तक इसके अति प्रबल चक्रवात में बदलने की आशंका है। इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल में 27 अक्टूबर से बारिश, तेज हवा और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। दक्षिण बंगाल में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, उत्तर बंगाल में 30 और 31 अक्टूबर को बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट पर चक्रवात के पहुंचने की आशंका है। बापटला और विशाखापत्तनम के बीच 28 अक्टूबर को दोपहर से पहले इसके तट से टकराने का अनुमान है। इस दौरान हवा की गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि तेज झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
सोमवार को चक्रवात में बदलने से पहले यह गहरा दबाव पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित था। रविवार सुबह यह अंडमान के श्री विजयपुरम से लगभग 440 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम और विशाखापत्तनम से करीब 880 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में था। बाद में यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात में बदल गया। इसका नाम बांग्लादेश ने रखा है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर को कोलकाता, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, हावड़ा तथा हुगली में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है। दक्षिण 24 परगना, दोनों मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
28 अक्टूबर को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में बारिश की संभावना है। दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में सात से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। 29 अक्टूबर को भी कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल में बारिश जारी रह सकती है। पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा तथा पुरुलिया में भारी बारिश की आशंका है। 30 अक्टूबर को दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
उत्तर बंगाल में 30 अक्टूबर को सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार में भारी बारिश हो सकती है। 31 अक्टूबर को भी उत्तर बंगाल में बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

