बंगाल में आज मौसम रहेगा शुष्क, 28 अक्टूबर से बारिश के आसार
कोलकाता, 24 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में शनिवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में फिलहाल बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर से दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे शक्तिशाली हो सकता है। इसके 26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। इसके बाद यह उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों की ओर बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 से 27 अक्टूबर तक दक्षिण बंगाल में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 28 अक्टूबर से कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पूर्व मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। कुछ स्थानों पर 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर बंगाल में भी फिलहाल मौसम के सामान्य रहने का अनुमान है। हालांकि, आईएमडी के उपखंडवार पूर्वानुमान में 29 और 30 अक्टूबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने समुद्र में मौसम की स्थिति को देखते हुए मछुआरों को 26 अक्टूबर से समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। आगामी दिनों में निम्न दबाव के क्षेत्र की स्थिति और उसकी दिशा पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

