पश्चिम बंगाल में आज मौसम रहेगा गर्म और उमस भरा, उत्तर बंगाल में बारिश के आसार
कोलकाता, 11 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में रविवार को मौसम में क्षेत्रवार अंतर देखने को मिल सकता है। दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, जबकि उत्तर बंगाल के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के आसपास रह सकता है। सुबह के समय नमी अधिक रहने से उमस महसूस होगी। कोलकाता के अलीपुर मौसम केंद्र में सुबह 5:30 बजे तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस और सापेक्ष आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई। दिन में धूप के साथ आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, पूर्व और पश्चिम बर्धमान में दिन के दौरान धूप निकलने तथा गर्मी महसूस होने की संभावना है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर बादल छाने से मौसम में बदलाव संभव है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मालदा में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में मैदानी क्षेत्रों की तुलना में तापमान कम रहने का अनुमान है।
सुबह हवा की गति कम रहने और नमी अधिक होने से लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। दोपहर में धूप तेज रहने पर गर्मी का असर बढ़ सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

