पश्चिम बंगाल में आज मौसम रहेगा गर्म और उमस भरा, कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना
कोलकाता, 05 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सोमवार को मौसम मुख्यतः गर्म और उमस भरा रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। राज्य के तटीय इलाकों में भी एक-दो स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है।
रविवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर रहा। पश्चिम मेदिनीपुर के मेदिनीपुर शहर में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दीघा में 34.7, मालदा में 34.8, बांकुड़ा में 34.6, आसनसोल में 34.6 और पुरुलिया में 34.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। कोलकाता के अलीपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और दमदम में 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
उत्तर बंगाल में भी मौसम में स्थानीय बदलाव देखने को मिल सकता है। दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों में अपेक्षाकृत ठंडा मौसम बना रहेगा, जबकि जलपाईगुड़ी, सिलीगुड़ी और मालदा में गर्मी व उमस महसूस हो सकती है। रविवार को जलपाईगुड़ी और सिलीगुड़ी में बारिश दर्ज की गई थी।
दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, पूर्व एवं बर्दवान, हुगली, नदिया और मुर्शिदाबाद में आज मुख्य रूप से आंशिक बादल और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार, छह अक्टूबर को उत्तर बंगाल के साथ दक्षिण बंगाल के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इसके बाद सात अक्टूबर को भी कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। आठ अक्टूबर से मौसम संबंधी किसी विशेष चेतावनी की संभावना नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

