पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय, उत्तर बंगाल में भारी वर्षा के आसार
कोलकाता, 04 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में मंगलवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार तथा उत्तर दिनाजपुर जिलों में कई स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। तेज बहाव वाली नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान, पूर्व बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद तथा नदिया जिलों में दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर गरज-चमक और हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवा चल सकती है तथा बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान लगभग 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वातावरण में नमी अधिक रहने से उमस भी बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले मैदान, नदी-तालाब के किनारे तथा पेड़ों के नीचे नहीं रुकने की अपील की है। किसानों, मछुआरों और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

