कोलकाता समेत बंगाल के सात जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
कोलकाता, 12 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज अभी भी बदला हुआ है। अलीपुर मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है, जबकि सात जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को कोलकाता में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसी तरह का मौसम हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में भी देखने को मिल सकता है।
दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों — पश्चिम बर्धमान, बांकुड़ा, पुरुलिया, झाड़ग्राम, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तर बंगाल में मानसून औपचारिक रूप से प्रवेश कर चुका है। दार्जिलिंग, कलिंगपोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश (सात से 11 सेंटीमीटर) की संभावना जताई गई है। यहां भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी के बड़े हिस्से तक पहुंच चुका है और अगले दो से तीन दिनों में पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्सों में मानसून के प्रवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। हालांकि दक्षिण बंगाल में मानसून कब औपचारिक रूप से पहुंचेगा, इस पर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पंजाब से गंगा के मैदानी क्षेत्रों तक बनी एक अक्षीय रेखा और उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण के कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है, जिससे उत्तर और दक्षिण दोनों हिस्सों में बारिश और आंधी की स्थिति बनी हुई है।
शुक्रवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है, जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

