home page

पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

 | 
पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी


कोलकाता, 27 जून (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल में मानसून का प्रभाव लगातार मजबूत बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को उत्तर और दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में मेघाच्छन्न आसमान के साथ गरज-चमक और तेज बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण और सक्रिय मानसूनी अक्ष रेखा के कारण अगले 24 से 36 घंटों तक मौसम का मिजाज खराब रहने के संकेत हैं।

मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका जताई गई है।

दक्षिण बंगाल में कोलकाता समेत हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना तथा पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ वज्रपात और भारी बारिश का पूर्वानुमान है। हवा में नमी का स्तर 90 प्रतिशत से अधिक रहने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता