home page

विधानसभा चुनाव घोषणा से पहले राज्य पुलिस में फेरबदल, 27 इंस्पेक्टर बदले

 | 
विधानसभा चुनाव घोषणा से पहले राज्य पुलिस में फेरबदल, 27 इंस्पेक्टर बदले


कोलकाता, 15 मार्च (हि. स.)। विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले पश्चिम बंगाल पुलिस में एक बार फिर बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। इस चरण में कुल 27 इंस्पेक्टरों का तबादला किया गया है।

जारी सूची के अनुसार, डायमंड हार्बर पुलिस जिले के दो इंस्पेक्टरों का भी स्थानांतरण किया गया है। डायमंड हार्बर के पुलिस इंस्पेक्टर शिबू दास को बीरभूम जिले के रामपुरहाट थाने का आईसी बनाया गया है। वहीं, डायमंड हार्बर में इंस्पेक्टर पद पर निरुपम मंडल को नियुक्त किया गया है, जो अब तक उसी पुलिस जिले के नोदाखाली थाने के आईसी थे।

इसके अलावा राज्य के खुफिया विभाग में भी बदलाव किया गया है। सीआईडी और आईबी में इंस्पेक्टर स्तर पर भी फेरबदल हुआ है। आईबी के इंस्पेक्टर सुसिम गांगुली को नोदाखाली थाने का आईसी बनाया गया है, जबकि इस पद पर अनूपम मंडल को लाया गया है। वहीं सीआईडी के इंस्पेक्टर सुदीप्त चक्रवर्ती को श्रीरामपुर थाने का आईसी बनाया गया है और उनकी जगह संजीव चक्रवर्ती को नियुक्त किया गया है।

राज्य पुलिस ने दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, पूर्व बर्दवान, अलीपुरद्वार, दक्षिण दिनाजपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, बारुईपुर पुलिस जिला, मालदा, बीरभूम और रानाघाट पुलिस जिले सहित कई अन्य जिलों में भी इंस्पेक्टर स्तर पर तबादले किए हैं।

गौरतलब है कि रविवार शाम को चुनाव आयोग विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। उससे पहले पुलिस विभाग में यह फेरबदल किया गया है। हालांकि, पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह नियमित प्रशासनिक तबादला है। इससे पहले जनवरी में भी एक साथ 19 इंस्पेक्टरों का तबादला किया गया था। करीब दो महीने के भीतर फिर से यह बदलाव किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय